इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय नागरिता पंजी यानी एनआरसी को लेकर आशंकाओं को दूर करने की कोशिश करने की कोशिश है.
असम के निवासियों की सूची से संबंधित अंतिम राष्ट्रीय नागरिक पंजी 31 अगस्त को प्रकाशित होगी. मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि एनआरसी में नाम शामिल न हो तो इसके ख़िलाफ़ अपील करने के पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं.
गृह मंत्रालय का कहना है कि एनआरसी से बाहर होने वालों के लिए विदेशी नागरिक न्यायाधिकरण में अपील दायर करने की समयसीमा को बढ़ाया जाएगा. अभी यह 60 दिन है, जिसे 120 दिन किया जाएगा.
भारतीय स्टेट बैंक ने त्योहारी सीज़न को देखते हुए सभी कर्ज़ों की दरें घटाने का फ़ैसला किया है.
इकनॉमिक टाइम्स की ख़बर है कि एसबीआई ने घर, वाहन, शिक्षा और निजी ज़रूरतों के लिए सस्ते कर्ज़ की पेशकश की है.
इसके साथ ही बैंक ग्राहकों के लिए लोन की प्रोसेसिंग फ़ीस में छूट समेत अन्य कई तरह की राहतें लेकर आया है.
बैंक की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "बैंक ने फेस्टिवल सीज़न के दौरान कार लोन पर प्रोसेसिंग फ़ीस माफ़ कर दी है. बैंक न्यूनतम ब्याज़ दर पर ग्राहकों को कार लोन दे रहा है, जिसकी शुरुआत 8.70 फ़ीसदी से है. एस्केलेशन चार्ज भी नहीं होगा."
दिल्ली हाईकोर्ट से अग्रिम ज़मानत अर्ज़ी खारिज होने के बाद पी चिदंबरम पर गिरफ़्तारी का ख़तरा मंडराने लगा है.
आईएनएक्स
मीडिया से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में कोर्ट ने इसे मनी लांड्रिंग का क्लासिक केस बताया और कहा कि प्रथम दृष्टया इस पूरे मामले में चिदंबरम को
मुख्य साज़िशकर्ता कहा.इसके बाद मामले की जांच कर रहे सीबीआई और ईडी के अधिकारी चिदंबरम को गिरफ़्तार करने उनके घर पहुंचे.
इस बीच चिदंबरम की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट में तत्काल सुनवाई की अर्ज़ी दी है. इस मामले को बुधवार सुबह उपयुक्त बेंच के सामने पेश करने को कहा गया है.
इस बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के भांजे रतुल पुरी को साढ़े तीन सौ करोड़ रुपये के एक बैंक घोटाला मामले में ईडी ने मंगलवार को गिरफ़्तार कर लिया.
फ़ेसबुक अकाउंट को आधार से जोड़ने को लेकर चल रहे सभी मामलों को सुप्रीम कोर्ट ट्रांसफ़र किए जाने की फ़ेसबुक और व्हाट्सऐप ने मांग की है.
इन सोशल मीडिया साइटों का कहना है कि मध्यप्रदेश, बॉम्बे और मद्रास हाईकोर्ट में सोशल मीडिया अकाउंट को आधार से जोड़ने का मामला चल रहा है और अगर अलग अलग फैसला आता है तो विरोधाभासी स्थिति पैदा हो सकती है.
निजता और सुरक्षा में संतुलन स्थापित करने की ज़रूरत को मानते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को इस मामले पर सुनवाई के लिए सहमति दे दी.
योगी मंत्रिमंडल के विस्तार से पहले कई मंत्रियों ने इस्तीफ़ा दे दिया है.
ख़बर है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रहे हैं.
बुधवार को 11 बजे नए मंत्रियों को राजभवन में शपथ दिलाई जानी है और इस बावत राज्यपाल की ओर से निमंत्रण जारी कर दिए गए हैं.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आर्थिक मंदी के लिए वैश्विक हालात को ज़िम्मेदार ठहराया है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कर अधिकारियों व व्यापारियों से बात-चीत करने वाराणसी पहुंची थीं. जहां उन्होंने आर्थिक मंदी पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए वैश्विक हालातों को इसका ज़िम्मेदार ठहराया है.
निर्मला सीतारमण ने कहा कि इस समय पूरे विश्व में नरमी के हालात हैं. ये समझने की ज़रूरत है कि भारत में ये मंदी बाहरी प्रभाव से है या आंतरिक.
मीडिया ये बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारत आज भी दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है. आज पूरी दुनिया आर्थिक मंदी के हालातों से जूझ रही है. इस आर्थिक मंदी की समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है.
अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने इस बात को खारिज किया है कि अमरीका की अर्थव्यवस्था मंदी की ओर बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग मंदी की बात इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे मंदी देखने के लिए बेताब हैं.
अमरीकी विशेषज्ञों ने अनुमान लगाया है कि आने वाले दो सालों में ग्रोथ नेगेटिव रह सकती है. इस अनुमान को लेकर अमरीकी राष्ट्रपति की यह पहली टिप्पणी है.
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा,"मुझे लगता है कि मंदी ठीक शब्द नहीं है. क्योंकि ये ऐसा शब्द है जिसे कुछ लोग और मीडिया की ओर से इसलिए उछाला जा रहा है क्योंकि वे मंदी देखना चाहते हैं. मंदी आने की आशंका दूर-दूर तक नज़र नहीं आती."